मुजफ्फरपुर/बिहार – बिहार में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 13 मई 2025, दिन मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तीन युवकों – 18 वर्षीय मिथुन कुमार, 19 वर्षीय राजा कुमार और 20 वर्षीय मनीष कुमार – ने मिलकर 20 साल की एक युवती के साथ दो घंटे तक नकली पिस्टल के दम पर सामूहिक बलात्कार किया।
घटना की अमानवीयता यहीं खत्म नहीं हुई। तीनों आरोपियों ने इस दरिंदगी का वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता को आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को जानकारी दी, तो उसे गोली मारकर जान से खत्म कर देंगे।
गंभीर स्थिति में लड़की को अधमरा हालत में छोड़कर तीनों आरोपी फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता घर पहुंची और मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी मनीष कुमार अभी भी फरार है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बिहार में बलात्कार और महिला अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म होता जा रहा है। सवाल यह है कि क्या राज्य की कानून व्यवस्था इस दरिंदगी के खिलाफ सख्त और प्रभावी कदम उठा पाएगी? क्या हमारी सरकार और प्रशासन इस व्यवस्था को सुधारने में सक्षम है, या फिर पीड़ितों को ऐसे ही दरिंदगी सहते रहना पड़ेगा? अब जनता को जवाब चाहिए – क्या अपराधियों को कड़ी सजा मिलेगी? क्या महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर पाएंगी?
Tags:
Bihar

