Jamui: विश्व रेड क्रॉस दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

जमुई/बिहार, 8 मई 2025, गुरुवार।  विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर शिवांगन फिजियोथैरेपी सेंटर, बोधवन तालाब, जमुई में पर्यावरण भारती की ओर से भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रख्यात फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. ए. मोदी ने किया।

इस अवसर पर पर्यावरणविद् डॉ. बी. मोदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के आस-पास कम से कम दस पेड़ अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा, “आज का मानव स्वार्थवश पेड़ लगाना तो दूर, उन्हें काटने से भी नहीं हिचकता। यही कारण है कि ओजोन परत में छिद्र बढ़ रहे हैं और ग्लोबल वार्मिंग का संकट दिन-ब-दिन गहराता जा रहा है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि हम पेड़ लगाएंगे, तो ही मानव जीवन को बचा पाएंगे।

पर्यावरण भारती के संस्थापक रामबिलास शाण्डिल्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है और यही मानव धर्म है।” उन्होंने रेड क्रॉस दिवस का इतिहास बताते हुए कहा कि इस दिवस की शुरुआत 8 मई 1948 को हुई थी। यह दिन रेड क्रॉस के संस्थापक हेनरी ड्यूनां का जन्मदिवस भी है, जिनका जन्म 8 मई 1828 को स्विट्ज़रलैंड के जेनेवा में हुआ था। उन्हें 1901 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

रेड क्रॉस संस्था आज 192 देशों में कार्यरत है और इसके सात प्रमुख सिद्धांत — मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता एवं सार्वभौमिकता — इसके मूल आधार हैं। हेनरी ड्यूनां ने 1859 में इटली के सोलफेरिनो युद्ध के दौरान घायल सैनिकों की दुर्दशा देखकर इस संस्था की नींव रखी। यह एक गैर-सरकारी संस्था है जो युद्ध, महामारी, भुखमरी और आपदा के समय लोगों को सहायता प्रदान करती है, और बिना किसी जाति, धर्म, रंग या राष्ट्रीयता के भेदभाव के मानव सेवा में समर्पित है।

इस विशेष अवसर पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. बी. मोदी, डॉ. ए. मोदी के साथ अनीशा कुमारी, नेहा कुमारी, सोनी कुमारी, भोला मिस्त्री, अंकित मोदी, राजीव भगत, सुमित कुमार, बबलू सिंह, अमित, अजीत, जयराम, श्रीराम, पिंकू, प्रवीण, पवन, निरंजन सहित कई स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान दिया।
और नया पुराने