UP: महराजगंज में अनोखी प्रेम कहानी! प्रेमिका की लाश से प्रेमी ने रचाई शादी, समाज भी बना गवाह

महराजगंज/उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली और भावनाओं से भरी घटना सामने आई है, जहां प्रेम में डूबे एक युवक ने अपनी मंगेतर की मौत के बाद उसकी लाश से विवाह रचा लिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय प्रियंका और 29 वर्षीय सन्नी एक-दूसरे से प्यार करते थे। दोनों समान जाति के थे और घरवालों की रजामंदी से 29 नवंबर को उनकी शादी तय थी। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और दोनों परिवार इस रिश्ते से बेहद खुश थे। सन्नी की प्रियंका से जान-पहचान तब हुई थी जब वह प्रियंका के घर के पास किराए की दुकान पर मोबाइल मरम्मत का काम करता था। बाद में प्रेम संबंध की चर्चा बढ़ने पर उसने दूसरी जगह दुकान खोल ली थी।

हाल ही में किसी बात को लेकर प्रियंका और सन्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद प्रियंका ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। अगली सुबह सन्नी को यह हृदय विदारक सूचना मिली कि प्रियंका ने खुदकुशी कर ली है। प्रियंका का शव घर की दूसरी मंजिल पर एक कमरे में फंदे से लटका मिला।

यह खबर सुनते ही सन्नी बदहवास होकर प्रियंका के घर पहुंचा और उसकी लाश को गले लगाकर फूट-फूट कर रोने लगा। इसके बाद उसने समाज और दोनों परिवारों के सामने अपनी अंतिम इच्छा जाहिर की – वह प्रियंका से विवाह करना चाहता है। परिवार वालों ने उसकी भावना का सम्मान करते हुए अनुमति दे दी।

सन्नी एक पोटली में शादी का सामान लेकर आया जिसमें नई साड़ी, सिंदूर, मंगलसूत्र और सुहाग की अन्य वस्तुएं थीं। पंडित जी को बुलाया गया और पूरे रीति-रिवाज से सन्नी ने प्रियंका की लाश से विवाह किया। उसने प्रियंका को लाल साड़ी पहनाई, उसके हाथों में हल्दी लगाई, मांग में सिंदूर भरा और मंगलसूत्र पहनाया। इसके बाद अर्थी के चारों ओर सात फेरे लिए।

यह मंजर देख कर वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे। सन्नी के इस प्रेम और समर्पण की कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। शादी के तुरंत बाद प्रियंका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

यह घटना जहां प्रेम की पराकाष्ठा को दर्शाती है, वहीं समाज के परंपरागत सोच को भी झकझोरने वाली बन गई है।
और नया पुराने