Varanasi: दशाश्वमेध घाट पर विमान हादसे में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए हुई विशेष गंगा आरती

वाराणसी/उत्तर प्रदेश, 13 जून 2025। अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए गुरुवार को वाराणसी के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर विशेष गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे और मां गंगा के सामने दीपदान कर मृतकों के लिए प्रार्थना की गई।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में कई निर्दोष लोगों की जान चली गई। हम सभी ने मां गंगा के समक्ष दीपदान किया और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के साथ दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।"

हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन

गौरतलब है कि अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट गुरुवार दोपहर टेक-ऑफ के तुरंत बाद अनियंत्रित होकर एक मेडिकल कॉलेज की इमारत पर गिर गई। हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई। विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कैनेडियन और सात पुर्तगाली नागरिक शामिल थे।

इस भीषण दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया। उनकी मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि की जा चुकी है। विजय रूपाणी 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।

सहायता और राहत कार्य जारी

विमान हादसे के बाद एयर इंडिया और नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

एयर इंडिया ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर काली कर दी है। वहीं, एयर इंडिया के स्वामित्व वाली टाटा ग्रुप ने हादसे में मारे गए प्रत्येक यात्री के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा की है।

घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन और स्थानीय एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही हैं ताकि पीड़ितों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता मिल सके।

पूरा देश इस हादसे से शोकाकुल है और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं।
और नया पुराने