वाराणसी/उत्तर प्रदेश। सावन मास के अवसर पर नगर निगम वाराणसी द्वारा शुरू किए गए "प्लास्टिक मुक्त अभियान यात्रा" का भव्य स्वागत शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा मंदिर के द्वार संख्या-4 पर किया गया। इस जन-जागरूकता पदयात्रा का नेतृत्व नगर के महापौर श्री अशोक तिवारी और नगर आयुक्त श्री अक्षत वर्मा ने किया।
यात्रा के धाम आगमन पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण, डिप्टी कलेक्टर श्री शंभू शरण तथा नायब तहसीलदार श्री मिनी एल. शेखर ने न्यास के अन्य कर्मियों संग स्वागत करते हुए अभियान को सहयोग प्रदान किया।
मंदिर न्यास पहले से ही श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र घोषित कर चुका है। धाम में सिंगल यूज प्लास्टिक पूरी तरह प्रतिबंधित है और श्रावण मास के दौरान इसे और सख्ती से लागू किया जा रहा है। न्यास ने घोषणा की है कि 10 अगस्त से धाम परिसर में प्लास्टिक की टोकरी, लोटा या किसी भी प्रकार के प्लास्टिक सामग्री के साथ प्रवेश पूरी तरह वर्जित होगा। नगर निगम का यह अभियान न्यास की इस मुहिम को और मजबूती देगा।
इस मौके पर नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों ने चितरंजन पार्क (दशाश्वमेध) से मैदागिन चौराहा तक लगभग एक किलोमीटर की पदयात्रा की। पदयात्रा के दौरान उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए प्लास्टिक बैग का प्रयोग बंद करने और कपड़े या जूट के थैलों को अपनाने की अपील की।
महापौर श्री अशोक तिवारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी दुकान या व्यक्ति के पास प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग पाया गया तो नगर विकास अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर निगम द्वारा पूरे कांवड़ मार्ग पर निगरानी अभियान चलाया जाएगा ताकि मार्ग को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाए रखा जा सके।
महापौर के आमंत्रण पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण भी अपने दल के साथ इस अभियान में पदयात्रा में शामिल हुए और मार्ग में पड़ने वाले दुकानदारों व राहगीरों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कपड़े के थैले भी वितरित किए।
यह पहल श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का अद्भुत संगम बनकर उभरी है।
Tags:
Uttar Pradesh