हापुड़/उत्तर प्रदेश। ततारपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मनवीर हत्याकांड का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे मामले की तस्वीर और साफ कर दी है। फुटेज में मृतक मनवीर हत्या से पहले अपनी साइकिल पर जाते हुए दिखाई दे रहा है। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक उसके पीछे-पीछे जाते नजर आते हैं।
जानकारी के अनुसार, मनवीर अपने गांव के पास खेतों में शौच के लिए गया था। तभी पीछे लगे दोनों युवक भी उसी दिशा में जाते दिखते हैं। कुछ देर बाद इन्हीं दोनों को घटना स्थल से भागते हुए कैमरे में कैद किया गया है। इससे साफ आशंका जताई जा रही है कि हत्या इन्हीं संदिग्धों ने की है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि वारदात में भाड़े के गुंडों का हाथ हो सकता है। वहीं, पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि मृतक मनवीर का शव ततारपुर थाना क्षेत्र के खेत में बरामद हुआ था। हत्या की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही संदिग्धों को पकड़कर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
Tags:
Uttar Pradesh