पटना विश्वविद्यालय ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियन जाबिर अंसारी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, खुशी की लहर

जमुई/बिहार। जमुई जिले के झाझा प्रखंड अंतर्गत तुंबा पहाड़ गांव निवासी एवं कराटे के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियन मोहम्मद जाबिर अंसारी को पटना विश्वविद्यालय ने एक अहम दायित्व सौंपा है। पटना यूनिवर्सिटी खेल बोर्ड द्वारा आयोजित अंतर–महाविद्यालय कराटे चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) में उन्हें कोच के रूप में मार्गदर्शन देने, खिलाड़ियों एवं टीम का चयन करने तथा चयनित खिलाड़ियों की सूची विश्वविद्यालय को समर्पित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

पटना विश्वविद्यालय खेल बोर्ड के सचिव डॉ. दीप नारायण कुमार द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में इसकी जानकारी दी गई है। पत्र के अनुसार अंतर–महाविद्यालय कराटे चैंपियनशिप का आयोजन 27 जनवरी 2026 से पटना साइंस कॉलेज, पटना के परिसर में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में पटना विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के छात्र एवं छात्राएं भाग लेंगे और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

खेल बोर्ड ने अपने पत्र में मोहम्मद जाबिर अंसारी से अपेक्षा जताई है कि वे अपने लंबे अनुभव, तकनीकी दक्षता और खेल की गहरी समझ के आधार पर खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और सही दिशा प्रदान करेंगे। साथ ही, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर उनकी सूची समय पर विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराएंगे, ताकि आगे की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।

गौरतलब है कि मोहम्मद जाबिर अंसारी कराटे के क्षेत्र में एक सशक्त खिलाड़ी के साथ-साथ कुशल प्रशिक्षक भी रहे हैं। उन्होंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियन का खिताब जीतकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे झाझा और जमुई जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। खेल जगत में उनके योगदान और उपलब्धियों को देखते हुए पटना विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपना उनके प्रतिभा और मेहनत का सम्मान माना जा रहा है।

पटना विश्वविद्यालय के इस फैसले से झाझा प्रखंड सहित पूरे जमुई जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों, युवाओं और ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। लोगों का कहना है कि जाबिर अंसारी को मिली यह जिम्मेदारी जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और आने वाले समय में अधिक युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित होंगे।
और नया पुराने