Jamui: बरहट में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ, 18 जिलों के 650 खिलाड़ी ले रहे भाग

जमुई/बिहार। जमुई जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत मलयपुर स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल परिसर में सोमवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सीनियर बालक एवं बालिका खो-खो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर प्रसाद, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मनोज कुमार सिन्हा एवं प्रिंसिपल ऋतुराज सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में बिहार के 18 जिलों से आए लगभग 650 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी, जिसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच लखीसराय एवं समस्तीपुर की टीमों के बीच खेला गया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। खेल मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर प्रसाद ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना रहे हैं, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से युवा अपने बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं और शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन आवश्यक है।

वहीं ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि विद्यालय हमेशा शिक्षा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जमुई जिले के लिए गौरव की बात है। इस प्रकार के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है।

कार्यक्रम में जमुई उप चेयरमैन नीतीश कुमार, चैंबर ऑफ कॉमर्स सचिव नितेश कुमार, कोषाध्यक्ष अमित कुमार, अजय कुमार सिंह, राजीव कुमार उर्फ पप्पू जी, ऑक्सफोर्ड स्कूल मलयपुर के प्रिंसिपल अनूप कुमार सिंह, एडमिनिस्ट्रेटर नीरज कुमार सिन्हा, यशराज कुमार, खो-खो एसोसिएशन के महासचिव नीरज कुमार पप्पू, अश्वनी कुमार, विकास कुमार, जीएड अली भुट्टो, शाकीर अख्तर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूरे खेल आयोजन की देखरेख अनुराग कुमार सिंह के द्वारा की जा रही है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों की टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
और नया पुराने