Jamui: मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने एवं शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने हेतु बैठक आयोजित

जमुई/बिहार। मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा बच्चों का शत-प्रतिशत नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जमुई जिला अंतर्गत बरहट प्रखंड में एक महत्वपूर्ण प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक GAVI HSS 3.0 के अंतर्गत चिन्हित 13 क्षेत्रों के विकास मित्रों, टोला सेवकों एवं धर्म गुरुओं के साथ आयोजित हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग एवं पीसीआई (PCI) के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण कुमार पांडेय ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि चिन्हित क्षेत्रों में अब भी कई बच्चे नियमित टीकाकरण से वंचित हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने उपस्थित विकास मित्रों, टोला सेवकों एवं धर्म गुरुओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और अभिभावकों को बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की गारंटी है। यदि प्रत्येक बच्चा समय पर टीकाकरण प्राप्त करे तो कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है और शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

बैठक में उपस्थित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार ने नियमित टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जन्म के बाद बच्चों को निर्धारित समय पर लगाए जाने वाले टीके उन्हें कई जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और भ्रांतियों के कारण कई परिवार बच्चों का टीकाकरण नहीं करा पाते हैं, जिसे सामूहिक प्रयास से दूर करना आवश्यक है।

वहीं पीसीआई जिला समन्वयक सुमित कुमार ने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करता है। इससे बच्चे टीबी, पोलियो, खसरा, रूबेला, डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, हेपेटाइटिस-बी और निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत समाज और राष्ट्र की नींव है, इसलिए प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए।

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सभी आवश्यक टीके पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर टीकाकरण अभियान चला रही है, लेकिन इसमें जनसहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। बैठक में उपस्थित धर्म गुरुओं और सामाजिक प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे लोगों के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करें और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, JSI जिला समन्वयक, पीसीआई प्रखंड समन्वयक अभिषेक कुमार सहित कई अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
और नया पुराने