युवा शोधार्थी नचिकेता वत्स ने ग्रहण की सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) की सदस्यता, बिहार प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता

पटना/बिहार। दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय के शोधार्थी एवं युवा सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यकर्ता नचिकेता वत्स ने आज पटना स्थित सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष श्री धनंजय सिन्हा जी ने उन्हें पार्टी का सदस्यता पत्र प्रदान कर विधिवत पार्टी में सम्मिलित किया।  

उल्लेखनीय है कि श्री नचिकेता वत्स वर्ष 2015 में दरभंगा में आयोजित 'युवा उत्सव' के विजेता रहे हैं तथा विगत एक दशक में उन्होंने दर्जनों राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व एवं अगुआई की है। साहित्य, संस्कृति एवं जन-संचार के क्षेत्र में सक्रिय नचिकेता पूर्व में 'जन सुराज' अभियान से भी जुड़े रहे हैं, जहाँ उन्होंने श्री प्रशांत किशोर जी की बिहार पदयात्रा के दौरान मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाली एवं 'जन सुराज अखबार' के संपादन का कार्य भी किया।  

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री धनंजय सिन्हा ने कहा, "साहित्यिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले नचिकेता जैसे युवाओं का सोशलिस्ट पार्टी से जुड़ना डॉ. राममनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण के विचारों पर आधारित सोशलिस्ट आंदोलन को नई ऊर्जा एवं मजबूती प्रदान करेगा। बिहार में समाजवादी चेतना के पुनर्जागरण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।"  

अपने वक्तव्य में श्री नचिकेता वत्स ने कहा, "नब्बे वर्ष पुरानी सोशलिस्ट विचारधारा ही मेरा वैचारिक घर है। सामाजिक न्याय, गैर-बराबरी के खिलाफ संघर्ष और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का जो संकल्प लोहिया-जेपी का था, वही आज की सबसे बड़ी जरूरत है। मेरा मानना है कि बड़ा और स्थायी परिवर्तन सोशलिस्ट पार्टी की विचारधारा से ही संभव है। मैं गाँव, गरीब, छात्र-युवा और संस्कृतिकर्मियों को जोड़कर इस आंदोलन को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास करूँगा।"
और नया पुराने