बांकीपुर उपचुनाव : BJP प्रत्याशी अभिषेक के पक्ष में सोशलिस्ट पार्टी, प्रशांत किशोर को कहा सामंती

पटना/बिहार। बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। चुनावी माहौल गरमाने के साथ ही नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी और जन सुराज पर जोरदार हमला बोला है।

दरअसल, शुक्रवार को बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद बीजेपी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित कर दिया। उम्मीदवार बदलने के इस फैसले को लेकर अब राजनीतिक विवाद भी गहराता जा रहा है।

धनंजय कुमार सिन्हा (Dhananjay Kumar Sinha) ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने अभिषेक कुमार बंटी के साथ अमानवीय व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सोशल मीडिया पर यह खबर चल रही है कि अभिषेक के माता-पिता घोटाले के आरोपी हैं, यदि इसी आधार पर उनका टिकट काटा गया है तो यह पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि विचारधारा के मामले में वे भाजपा की विचारधारा के खिलाफ हैं लेकिन किसी के माता-पिता की गलती की सजा उनके पुत्र को देना अमानवीय, असंवेदनशील एवं सामंती मानसिकता का परिचायक है, और किसी भी पार्टी में ऐसा हो तो सोशलिस्ट पार्टी ऐसे सामंती सोच का विरोध करती है। 

उन्होंने इस मामले में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जन सुराज के लोग यह क्रेडिट ले रहे हैं कि भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी उनके ही डर से भागे हैं अन्यथा प्रशांत किशोर अन्य नेताओं की भाँति अभिषेक के माता पिता की भी पोल खोल देते, अगर यह सच है तो जन सुराज वाले तो खुद ही अपनी अमानवीयता और सामंती सोच को स्वीकार कर रहे हैं। इस क्रेडिट को लेकर वे खुद कबूल कर रहे हैं कि अगले कुछ दिनों में वे भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी (Abhishek Kumar Bunty) के हाथ पर "मेरा बाप चोर है" उकेरने की तैयारी में थे।

धनंजय ने कहा कि हमारे देश में, और हमारे संविधान में माता-पिता के दोष के लिए बेटे-बेटियों को सजा नहीं दी जा सकती है। जो लोग भी ऐसा करते हैं या ऐसा करने की मंशा रखते हैं, समझ जाइये कि वे लोग दिमागी तौर पर सामंती हैं।

उन्होंने एक फिल्म का जिक्र करते हुए अभिषेक की तुलना फिल्म के उस बच्चे से की जिसमें कुछ लोगों ने उस बच्चे के हाथ पर "मेरा बाप चोर है" लिख दिया था। धनंजय ने कहा कि भाजपा के नेताओं ने और जनसुराज के जो नेता इस बात की क्रेडिट ले रहे हैं, उन सबने मिलकर युवा भाजपा नेता के हाथ पर "मेरा बाप चोर है" जैसी बात उकेरने के प्रयास किया है जिसे सोशलिस्ट पार्टी अभिषेक के साथ अन्याय मानती है और इसका विरोध करती है।
और नया पुराने