Ranchi: विश्व जनसंख्या दिवस पर वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल सिटिजन ऑर्गेनाइजेशन सम्मानित, प्रयासों को मिली सराहना

रांची/देवघर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल सिटिजन ऑर्गेनाइजेशन (World Responsible Citizen Organization) को जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संगठन के कार्यों का संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने उन्हें विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

राज्यस्तरीय समारोह में मिला सम्मान

11 जुलाई 2026 को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य, स्टेशन रोड में आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री इरफान अंसारी ने संगठन की ओर से संस्थापक डॉ. एन. डी. मिश्रा को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया। समारोह में जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन और जिम्मेदार नागरिकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, परिवार नियोजन कोषांग की राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

जनसंख्या नियंत्रण विकसित समाज की आधारशिला : डॉ. एन. डी. मिश्रा

सम्मान प्राप्त करने के बाद संगठन के संस्थापक एवं देवघर के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. एन. डी. मिश्रा ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन एक स्वस्थ, समृद्ध और विकसित समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार नागरिकता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चला रहा है और भविष्य में भी समाजहित में अपनी सेवाएं निरंतर जारी रखेगा।

सभी सदस्यों और स्वयंसेवकों को समर्पित सम्मान

डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि संगठन से जुड़े सभी सदस्यों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के समर्पण एवं निरंतर प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने झारखंड सरकार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा कार्यक्रम के सभी आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से संगठन को समाज के हित में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
और नया पुराने