इंडक्शन मीट उच्च शिक्षा की सफलता की पहली सीढ़ी : प्राचार्य डॉ. गौरी शंकर पासवान

जमुई/बिहार। राजकीय डिग्री महाविद्यालय, इस्लामनगर-अलीगंज (परिसर : प्लस टू उच्च विद्यालय, मिर्जागंज) में बुधवार को सीबीसीएस स्नातक प्रथम सेमेस्टर (शैक्षणिक सत्र 2026-30) के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए इंडक्शन मीट का भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन वातावरण, शैक्षणिक गतिविधियों, विश्वविद्यालय की व्यवस्था तथा अनुशासित छात्र जीवन से परिचित कराना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गौरी शंकर पासवान ने की, जबकि मंच संचालन हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. गिरधारी लाल लोधी ने किया। समारोह में प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मिर्जागंज के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार तथा मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. गौरी शंकर पासवान ने कहा कि इंडक्शन मीट केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा की सफल यात्रा का प्रथम सोपान है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, अनुशासन और महाविद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के दो महत्वपूर्ण आधार शिक्षक और शिक्षार्थी हैं तथा इन दोनों को जोड़ने वाली सबसे मजबूत कड़ी सदाचार है। यदि शिक्षक और विद्यार्थी दोनों अपने जीवन में नैतिक मूल्यों एवं अनुशासन को अपनाएं, तो शिक्षा का उद्देश्य स्वतः सफल हो जाता है। उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का भरपूर लाभ उठाते हुए ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और उत्कृष्टता के मार्ग पर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

प्राचार्य ने कहा कि इंडक्शन मीट का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन की नई जिम्मेदारियों से परिचित कराना, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना तथा उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था के बारे में जागरूक बनाना है, ताकि वे अपनी स्नातक शिक्षा की शुरुआत आत्मविश्वास और स्पष्ट लक्ष्य के साथ कर सकें।

इस अवसर पर हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. गिरधारी लाल लोधी ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को स्नातक पाठ्यक्रम, सीबीसीएस प्रणाली, परीक्षा पद्धति, विश्वविद्यालय के नियमों तथा महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थिति सुनिश्चित करने, समय का सदुपयोग करने तथा अध्ययन के प्रति गंभीर रहने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मिर्जागंज के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार, मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार चौधरी तथा शिक्षक मुर्मू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम के बल पर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में लेखपाल सुशील कुमार, कार्यालय सहायक रूपेश कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य कर्मी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, प्रेरणा और नई उम्मीदों से भरा रहा तथा विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिवार द्वारा किए गए स्वागत के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।
और नया पुराने