काशी विश्वनाथ-काल भैरव मार्ग पर पुलिस का शिकंजा, सवारी ढोने वाले 14 दोपहिया वाहन सीज


वाराणसी | 1 अक्टूबर 2026

काशी विश्वनाथ धाम और काल भैरव मंदिर के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। चौक थाना पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों के उल्लंघन के मामलों में 14 दोपहिया वाहनों को सीज किया।

पुलिस के मुताबिक इन वाहनों का इस्तेमाल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सवारी के तौर पर ले जाने में किया जा रहा था। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेज और संचालन से जुड़े नियमों की जांच की गई।

विश्वनाथ धाम से काल भैरव तक चेकिंग

पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के काशी जोन के अधिकारियों के निर्देशन में यह कार्रवाई काशी विश्वनाथ धाम–मैदागिन–काल भैरव मंदिर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में की गई।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी संख्या में आवाजाही वाले इस इलाके में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ अनधिकृत तरीके से सवारी ढोने वाले वाहनों पर भी नजर रखी गई।

14 दोपहिया वाहन पुलिस ने किए सीज

चेकिंग के दौरान पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के दोपहिया वाहनों को सीज किया। इनमें सुपर स्प्लेंडर, प्लेजर, जुपिटर, होंडा साइन, एक्टिवा, सुजुकी स्कूटी, टीवीएस अपाचे, बजाज CT-100 और इलेक्ट्रिक स्कूटर समेत अन्य वाहन शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार सीज किए गए वाहनों के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फोकस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य धार्मिक स्थलों के आसपास यातायात को व्यवस्थित रखना, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करना और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

धार्मिक स्थलों के आसपास भीड़ और वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस की ओर से नियमित निगरानी की जा रही है।

चौक पुलिस की टीम ने की कार्रवाई

अभियान में थाना चौक प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला के साथ उपनिरीक्षक पुष्कर दुबे, हिमांशु मिश्रा और प्रणव पाण्डेय समेत पुलिस टीम मौजूद रही।

पुलिस ने संकेत दिया है कि काशी विश्वनाथ धाम, काल भैरव मंदिर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहन चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

और नया पुराने