जमुई/बिहार। स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और बेहतर भविष्य की बुनियाद है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को जमुई जिला अंतर्गत गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित कन्या मध्य विद्यालय में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत 'सुरक्षित शनिवार' का आयोजन किया गया। अक्टूबर माह के पांचवें शनिवार को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की थीम 'स्वच्छता : एक कदम स्वास्थ्य की ओर' रही।
व्यक्तिगत स्वच्छता से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। इसमें हाथ धोने का सही तरीका, व्यक्तिगत स्वच्छता, महावारी के दौरान साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही घर एवं आसपास के परिवेश की स्वच्छता, रसोईघर की साफ-सफाई, शौचालय की स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल के महत्व तथा कचरा प्रबंधन जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया।
शिक्षकों ने बताया कि नियमित रूप से हाथ धोना, स्वच्छ पानी का उपयोग करना और आसपास गंदगी जमा नहीं होने देना कई बीमारियों से बचाव में सहायक है। छात्राओं को महावारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और स्वास्थ्यकर आदतें अपनाने का संदेश भी दिया गया।
अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में स्वच्छता को बनाया गया मुख्य विषय
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार राज्य के सभी सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में 31 अक्टूबर को 'स्वच्छता हमारी संस्कृति' थीम पर मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी भी आयोजित की गई। इसके तहत जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और ई-कचरे के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
संगोष्ठी में बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, गृहकार्य, स्वास्थ्य एवं पोषण पर भी चर्चा की गई। अभिभावकों को घर में बच्चों के नियमित अध्ययन के लिए एक व्यवस्थित स्टडी कॉर्नर विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिक्षक और अभिभावकों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक निरंजन पासवान, शिक्षिका रीता कुमारी, सुजाता कुमारी, प्रतिभा रानी, अंशु माला, शिक्षक भारत कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिवार ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और बच्चों के साथ-साथ उनके परिवारों में भी स्वास्थ्यकर आदतों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
Tags:
Bihar

