Jamui: कार्तिक पूर्णिमा पर पत्नेश्वर धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भोलेनाथ के दरबार में टेका मत्था

जमुई/बिहार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को बरहट प्रखंड स्थित प्रसिद्ध पत्नेश्वर धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नदी में पवित्र स्नान करने के बाद पत्नेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भक्तों ने मंदिर में दीप प्रज्वलित किए और प्रसाद अर्पित कर पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की विशेष व्यवस्था की गई थी।

मंदिर के पुजारी राजीव पांडेय एवं सोनू पांडेय ने बताया कि हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। यह दिन स्नान, दान और पूजा-पाठ के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की विशेष आराधना करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
और नया पुराने