Jamui: KKM कॉलेज को डॉ कंचन गुप्ता के रूप में मिलीं पहली महिला प्रधानाचार्य, संभाला कार्यभार

जमुई/बिहार। बीते शनिवार को केकेएम कॉलेज के 24 वें प्रधानाचार्य के रूप में डॉ. कंचन गुप्ता ने योगदान दिया। इस गौरवशाली शैक्षिक संस्थान की प्रथम महिला प्राचार्य को शिक्षक संघ के द्वारा सॉल, बुके, देकर और माला पहना कर उन्हें सम्मानित किया गया। इसके बाद प्राचार्य महोदया ने फिजिक्स, केमिस्ट्री, जूलॉजी, लाइब्रेरी और इग्नू आदि का निरीक्षण किया।

नव नियुक्त प्रधानाचार्य डॉ. कंचन गुप्ता ने योगदान देने के उपरांत अपने संबोधन में कहा कि कॉलेज में शैक्षणिक अनुशासन व उत्कृष्ठता, सुव्यवस्थित प्रशासन,पारदर्शिता, नैतिक मूल्य, छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान देना, बुनियादी सुविधाओं,खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों पर जोर देना प्राथमिक कर्तव्य होगा। महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास के रूप में कॉलेज को नई ऊंचाइयों 
पर पहुंचाना हमारा संकल्प है। मैं शिक्षक-कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं से सहयोग की अपेक्षा करती हूं, ताकि हम मिलकर एक समृद्ध एवं आदर्श शैक्षणिक वातावरण का निर्माण कर सकें।

स्नातकोत्तर राजनीतिक विज्ञान के विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि केकेएम कॉलेज के 24 वें प्रधानाचार्य के रूप में डॉ. कंचन गुप्ता के योगदान से आह्लादित हूं। डॉ. कंचन गुप्ता के रूप में कॉलेज को एक विद्वान, अनुभवी और कुशल प्रशासनिक नेतृत्व मिला है। उनकी नेतृत्व क्षमता से कॉलेज को नई दिशा मिलेगी। संघ और कॉलेज परिवार की ओर से मैडम को बधाई और शुभकामनाऐं।

संघ के सचिव डॉ.दीपक कुमार ने कहा कि केकेएम कॉलेज की बागडोर प्राचार्य महोदया को मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। इनके नेतृत्व में कॉलेज के सुनहरे भविष्य की कामना करता हूं और उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संघ के उपाध्यक्ष डॉ. गौरी शंकर पासवान ने कहा कि केकेएम कॉलेज को प्रथम महिला प्रधानाचार्य के रूप में डॉ. कंचन गुप्ता का योगदान कॉलेज के चतुर्दिक विकास में मिल का पत्थर साबित होगा। ईमानदारी, इच्छा शक्ति और संकल्प के साथ मैडम प्रिंसिपल की नई भूमिका कॉलेज को प्रगति की ओर ले जाएगी। डॉ.कंचन गुप्ता 2003 में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में अपने शैक्षिक जीवन की शुरुआत की थी। वे करीब 22 साल से शिक्षा में निरंतर योगदान दे रही हैं। अपने दीर्घकालीन यात्रा में उन्होंने बीएनएम कॉलेज मुंगेर के प्रभारी प्राचार्य  के रूप में सफलतापूर्वक प्रशासनिक दायित्व निभाया है। संघ और कॉलेज परिवार की ओर से मैडम को बधाई और शुभकामनाऐं।

गवर्नमेंट डिग्री महिला कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. उदय नारायण घोष ने कहा कि मैडम डॉ. कंचन गुप्ता का के.के.एम कॉलेज में प्राचार्य के रूप में योगदान से शैक्षणिक और शांति का वातावरण स्थापित होगा। मैडम प्रिंसिपल का कॉलेज में योगदान देना एक ऐतिहासिक क्षण है। उनसे यह आशा है कि कॉलेज शैक्षणिक गुणवत्ता और समग्र विकास के क्षेत्र में नई कीर्तिमान स्थापित करेगा।

दर्शनशास्त्र के विभागाध्यक्ष प्रो. नाहिद बदर ने कहा कि  एक शिक्षिका से प्रधानाचार्य तक की मैडम कंचन गुप्ता की यात्रा हम सभी को प्रेरित करेगी। उनका मार्गदर्शन छात्र-छात्राओं के भविष्य को उज्जवल बनाएगा। मैडम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

मौके पर डॉ. डी. के गोयल, डॉ.अनिंदो सुंदर पोले, प्रो.सरदार राम,डॉ.विनीता मोंडल, डॉ.सुदीप्ता मोंडल,प्रो. रणविजय सिंह, डॉ.सत्यार्थ प्रकाश, डॉ. अमोद कुमार सिंह उर्फ आमोद प्रबोधि, डॉ श्वेता सिंह, डॉ.रश्मि, डॉ. एसके झा, डॉ लिसा, डॉ अजीत कुमार भारती, रवि शंकर सिंह आदि समस्त शिक्षकों ने नवनियुक्त प्रधानाचार्य को बधाई और शुभकामनाएं दी। उनके योगदान से कॉलेज में एक ऊर्जावान, संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व की अनुभूति होगी। साथ ही समस्त कर्मियों ने प्रधानाचार्य महोदया का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
और नया पुराने