Jamui: गिद्धौर पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़

जमुई/बिहार। पुलिस अधीक्षक के आदेश एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जमुई के निर्देशन में गिद्धौर थानाध्यक्ष द्वारा थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान रंगदारी मांगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया गया। शुक्रवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे एक ट्रक चालक ने गश्ती वाहन को सूचना दी कि एक नीले रंग की मारुति कार पर सवार कुछ युवक ट्रक को रोककर जबरन पैसों की मांग कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही गश्ती पदाधिकारी परि. पु. अ.नि. सर्जना कुमारी ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और भागने का प्रयास कर रहे नीले रंग की मारुति एक्सएल-6 को पकड़ लिया। कार पर गलत रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01PM 3588 लगाया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि ये युवक रात के समय एनएच-333 (ए) पर गुजरने वाले वाहनों को रोककर वसूली कर रहे थे।

गिरफ्तार युवकों की पहचान रितेश कुमार, रिसु राज, नीतिश राज उर्फ निक्की कुमार, मंगल साव उर्फ अमित साव और एक विधि विरुद्ध बालक के रूप में हुई है। इनमें से रितेश कुमार और नीतिश राज का आपराधिक इतिहास भी पुलिस ने उजागर किया है। रितेश कुमार पर गरही थाना और तेतरहाट थाना लखीसराय में पहले से तीन मामले दर्ज हैं, जबकि नीतिश राज जमुई नगर थाना कांड संख्या 209/25 में नामजद है।

पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के पास से पाँच मोबाइल फोन, एक मारुति सुजुकी एक्सएल-6 कार, एक सोने की चेन और एक अंगूठी बरामद की है। मामले में गिद्धौर थाना कांड संख्या 202/25 दिनांक 05.09.25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह, पु.अ.नि. रितेश कुमार, पु.अ.नि. प्रभात राय, परि. पु. अ.नि. सर्जना कुमारी एवं गिद्धौर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है और लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष जताया है।
और नया पुराने