जमुई/बिहार। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए गए, जिसमें जमुई जिले की चार विधानसभा सीटों में से तीन पर एनडीए ने जीत का परचम लहराया, जबकि चकाई सीट महागठबंधन के खाते में गई। रिजल्ट जारी होने के साथ ही पूरे जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई और विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में उल्लास की लहर दौड़ गई।
झाझा विधानसभा सीट से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी दामोदर रावत ने छठी बार जीत दर्ज की। उन्होंने महागठबंधन समर्थित राजद उम्मीदवार जयप्रकाश नारायण यादव को 4262 मतों से हराया। दामोदर रावत को कुल 1,08,317 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी जयप्रकाश नारायण यादव को 1,04,055 वोट मिले। परिणाम घोषित होते ही झाझा क्षेत्र में जश्न का माहौल छा गया।
जमुई विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रेयसी सिंह ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 54,498 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की। उन्हें कुल 1,23,868 वोट मिले, जबकि महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी मो. शमशाद आलम को 69,370 वोट प्राप्त हुए। श्रेयसी सिंह की प्रचंड जीत के बाद समर्थकों ने जगह-जगह पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया।
सिकंदरा (सुरक्षित) सीट पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रत्याशी प्रफुल कुमार मांझी ने विजय हासिल की। उन्होंने राजद के उदय नारायण चौधरी को 23,907 वोटों के अंतर से पराजित किया। मांझी को कुल 91,603 वोट मिले, जबकि उदय नारायण चौधरी को 67,696 वोट प्राप्त हुए। जीत की खुशी में समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला।
चकाई विधानसभा सीट पर महागठबंधन को सफलता मिली। यहां राजद प्रत्याशी सावित्री देवी ने एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार सुमित कुमार सिंह को 12,972 वोटों के अंतर से हराया। सावित्री देवी को कुल 80,357 मत मिले, जबकि सुमित कुमार सिंह को 67,385 मत प्राप्त हुए। परिणाम के बाद चकाई में महागठबंधन खेमे में जश्न का माहौल देखने को मिला।
मतगणना के बाद सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। जिले भर में समर्थकों ने उत्साहपूर्वक जीत का जश्न मनाया। इस दौरान आतिशबाजी से माहौल गुलजार रहा।
भाजपा प्रवक्ता मनीष पांडेय ने एनडीए की जीत को जनता के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार द्वारा सबका साथ, सबका विकास और न्याय के साथ विकास की नीति पर किए गए कार्यों को जनता ने सराहा है। उन्होंने जमुई जिले के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
गिद्धौर मंडल भाजपा अध्यक्ष राजा बाबू केशरी ने झाझा में दामोदर रावत की जीत को जनता का आशीर्वाद बताया और मतदाताओं को धन्यवाद दिया। सभी विजयी प्रत्याशियों ने भी मतदाताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि वे विकास और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र का निरंतर विकास करते रहेंगे।
Tags:
Bihar

