स्वर्ण व्यापारियों को एक साल तक गुजारा भत्ता दे सरकार : धनंजय, सोशलिस्ट नेता

पटना / बिहार, 14 मई 2026 : सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से माँग की है कि सभी छोटे-बड़े स्वर्ण व्यापारियों को एक साल तक गुजारा भत्ता दिया जाये अन्यथा प्रधानमंत्री की अचानक से की जाने वाली घोषणा के बाद वे अपने परिवार का भरन-पोषण कैसे कर सकेंगे एवं अपने बच्चों के स्कूल-कॉलेज का फीस कहाँ से भुगतान करेंगे ? 

प्रधानमंत्री की अपील से स्वर्ण व्यापारियों में बढ़ी चिंता
विदित हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की है जिस पर कई स्वर्ण व्यापारियों ने भी आपत्ति जताई है कि अगर प्रधानमंत्री ने सोना कम खरीदने की अपील की होती तो भी उनलोगों का थोड़ा-बहुत गुजारा चल सकता था किन्तु प्रधानमंत्री ने सोने की खरीदारी पर एकदम से फुलस्टॉप लगाने की अपील कर दी है जिससे स्वर्ण व्यापारियों के परिजन एवं आश्रित कर्मचारी भी चिन्ता व्यक्त कर रहे हैं। 

मोदी सरकार की नीतियों पर सोशलिस्ट पार्टी का हमला
इसी के मद्देनजर सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कुछ बोलने-करने से पहले उसके आगे-पीछे के परिणामों पर गंभीरता से विचार नहीं करते हैं। इसी कारण देश आर्थिक मंदी की दौर में प्रवेश कर गया है। 

व्यापारियों और कर्मचारियों को आर्थिक सहायता देने की माँग
श्री सिन्हा ने मोदी सरकार से माँग की है कि सभी स्वर्ण व्यापारियों को इनकम टैक्स रिटर्न के आधार पर उनके सालाना शुद्ध मुनाफे का न्यूनतम 50% राशि मासिक किश्तों में विभाजित कर एक साल तक भुगतान किया जाये। साथ ही, उनके संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को भुगतान होने वाली मासिक सेलरी का 50% प्रति माह सहायता राशि के तौर पर दिया जाये ताकि वे अगले एक साल तक अपने परिवार और बच्चों का भरन-पोषण एवं शिक्षा इत्यादि का कार्य सुचारु रूप से चला सकें। 

छोटे स्वर्ण व्यवसायियों को ₹25 हजार मासिक सहायता देने की मांग
सोशलिस्ट नेता धनंजय ने यह भी माँग की है कि जो छोटे स्वर्ण व्यवसायी इनकम टैक्स रिटर्न नहीं भरते थे किन्तु स्वर्ण दुकान का निबंधन करा रखा था उन्हें भी अगले एक साल तक न्यूनतम पच्चीस हजार रूपये प्रति माह की सहायता राशि दी जाये।
और नया पुराने