देवघर/झारखंड। बाबा बैद्यनाथ धाम नगरी देवघर में इन दिनों गैस की भारी किल्लत से होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है। शहर के कई प्रतिष्ठानों में कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण खाने-पीने की कई वस्तुओं की बिक्री अस्थाई रूप से बंद करनी पड़ रही है। इससे व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है, वहीं ग्राहकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सत्संग चौक स्थित कोज़ी स्वीट्स के संचालक ने बताया कि पिछले कई दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। गैस की अनुपलब्धता के कारण डोसा, चाउमीन, चाट, इडली, दही बड़ा समेत कई लोकप्रिय व्यंजनों की बिक्री फिलहाल बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि खुले बाजार में भी ब्लैक में सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे दुकान संचालन पर सीधा असर पड़ रहा है।
व्यवसायी ने बताया कि रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक इन व्यंजनों के लिए दुकान पहुंचते थे, लेकिन गैस संकट के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे कारोबार में भारी गिरावट आई है और कर्मचारियों के काम पर भी असर पड़ रहा है।
शहर के अन्य होटल, मिठाई दुकानों और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही बनी हुई है। देवघर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में खानपान की दुकानों पर गैस की कमी से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय कारोबारियों ने प्रशासन और गैस एजेंसियों से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि व्यवसाय सामान्य हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
Tags:
Jharkhand



