Jamui: जिला BJP की पदाधिकारी एवं कोर कमेटी की बैठक संपन्न, पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण की तैयारियों पर चर्चा

जमुई/बिहार। भारतीय जनता पार्टी जिला जमुई की जिला पदाधिकारी एवं भाजपा कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को शहर स्थित महावीर वाटिका में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने की। इस दौरान आगामी 16 एवं 17 मई को आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान की तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने कहा कि दो दिवसीय प्रशिक्षण अभियान का उद्घाटन 16 मई को प्रातः 9 बजे किया जाएगा, जबकि इसका समापन 17 मई को अपराह्न 3 बजे होगा। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी भाग लेंगे। प्रशिक्षण वर्ग में जिले के विधायक, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जिला कार्यसमिति सदस्य, सभी मोर्चा के अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों एवं संगठनात्मक कार्यशैली को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण अभियान में कुल आठ सत्र संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक सत्र में प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता एवं प्रशिक्षक कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा, सेवा कार्य और आगामी राजनीतिक रणनीतियों से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अहम भूमिका निभाएगा।

बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व जिलाध्यक्ष नवल किशोर सिंह को दो दिवसीय प्रशिक्षण अभियान का समन्वयक बनाया गया। उन्हें कार्यक्रम की संपूर्ण तैयारियों की निगरानी एवं सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक के दौरान कार्यक्रम स्थल, प्रतिभागियों के आवास, भोजन, पंजीकरण, सत्र संचालन एवं अनुशासन व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला महामंत्री बृजनंदन सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण, रणजीत सिंह, विनय पांडेय, बृजेश सिंह राजपूत, अयोध्या राम चंद्रवंशी, पूजा आर्य, रंजीता केसरी, अजय पासवान, राजेश मंडल, संगीता मिश्रा, स्वीटी कुमारी, संतोष सिंह, ताहिर अंसारी, धनंजय चंद्रवंशी, अभिषेक मोदी, राहुल सिंह राठौड़, लव कुमार, सुजीत मंडल, सूरज सिंह तथा दिनेश मंडल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
और नया पुराने