Jamui: DM ने पर्यवेक्षण गृह व दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण कर बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा व देखभाल के दिए निर्देश

जमुई/बिहार। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को जिले के नीमारंग स्थित पर्यवेक्षण गृह एवं बॉम्बे कॉलोनी स्थित विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थानों में आवासित बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं एवं पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास और पुनर्वास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह में रह रहे किशोरों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने तथा अपनी पिछली गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में हुई त्रुटियां भविष्य की बाधा नहीं होतीं, बल्कि सुधार का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर नागरिक बनने का संदेश दिया।

जिला पदाधिकारी ने संस्थान की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच करते हुए आवास, भोजन, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किशोर न्याय अधिनियम के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही आवासित बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और मानसिक स्वास्थ्य के लिए विशेषज्ञ परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बच्चों की शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। खेलकूद को भी बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए खेल मैदान की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। परिसर में जल निकासी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था के लिए नगर परिषद से समन्वय स्थापित करने की बात कही।

इसके बाद जिला पदाधिकारी ने बॉम्बे कॉलोनी स्थित विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आवासित शिशुओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और देखभाल की जानकारी ली। संस्थान के कर्मियों को निर्देश दिया कि बच्चों की देखभाल संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ की जाए। निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी गई कि जिला प्रशासन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रयास से संस्थान में रह रहे एक बालक के परिजनों का सफलतापूर्वक पता लगा लिया गया है। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने उस बालक को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र परिजनों को सौंपने का निर्देश दिया।

मौके पर सिविल सर्जन जमुई, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, किशोर न्याय परिषद के सदस्य एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी उपस्थित थे।
और नया पुराने