जमुई में डिजिटल पुलिसिंग को मिली नई ताकत, CCTNS CAS 1.0 से हाईटेक होगी पुलिस व्यवस्था

जमुई/बिहार। बिहार पुलिस को आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बिहार पुलिस एवं राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC), बिहार के संयुक्त प्रयास से सीसीटीएनएस सीएएस (CCTNS CAS) 1.0 परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राज्यस्तरीय एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन बीते दिन जमुई समाहरणालय सभागार एवं एनआईसी कार्यालय में किया गया। इस कार्यशाला में जिले के पुलिस अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

पुलिस प्रशासन होगा और अधिक पारदर्शी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार राज्य सूचना विज्ञान पदाधिकारी (SIO) डॉ. शैलेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बिहार पुलिस अब डिजिटल परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस सीएएस 1.0 परियोजना पुलिस प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, त्वरित एवं हाईटेक बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिहार द्वारा विकसित तकनीकी मॉडल एवं नवाचार देश के अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।

NCRB विशेषज्ञों ने दी तकनीकी जानकारी

कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के विशेषज्ञों द्वारा सीसीटीएनएस सीएएस 1.0 के विभिन्न मॉड्यूल, तकनीकी प्रक्रियाओं एवं कार्यप्रणाली का विस्तृत प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों को बताया गया कि नई डिजिटल प्रणाली के माध्यम से अपराध से संबंधित सूचनाओं का त्वरित संग्रहण, विश्लेषण एवं निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।

चरणबद्ध तरीके से होगा क्रियान्वयन

एनआईसी बिहार के वरीय तकनीकी निदेशक श्री नवीन कुमार ने परियोजना के चरणबद्ध क्रियान्वयन, रोलआउट रणनीति एवं तकनीकी समन्वय की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था भविष्य की जरूरत है और इससे पुलिस विभाग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

अधिकारियों को दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जमुई श्री दीपू पटेल ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तकनीकी सहायता प्रदान करते हुए मॉड्यूल की व्यवहारिक जानकारी दी। इसके अलावा अपर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, नेटवर्क इंजीनियर एवं तकनीकी टीम ने भी प्रशिक्षण सत्र को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ऑनलाइन अपराध निगरानी पर विशेष फोकस

कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकी प्रणालियों के कुशल उपयोग, ऑनलाइन अपराध निगरानी, डेटा प्रबंधन, डिजिटल रिकॉर्ड संधारण एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान से संबंधित व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने इस नई प्रणाली को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

आम लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

जमुई जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग का मानना है कि सीसीटीएनएस सीएएस 1.0 परियोजना के लागू होने से पुलिस सेवाएं अधिक स्मार्ट, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनेंगी। इससे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी तेज एवं तकनीक आधारित बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
और नया पुराने