Jamui: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर दौलतपुर में जागरूकता अभियान, रविवारीय साइकिल यात्रा के साथ हुआ पौधारोपण

जमुई/बिहार। साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई के बैनर तले आयोजित 543वीं रविवारीय साइकिल यात्रा के दौरान रविवार को दौलतपुर ग्राम में स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ा विशेष अभियान चलाया गया। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं युवाओं को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण कर हरित भविष्य का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व राहुल सिंह ने किया। उन्होंने उपस्थित युवाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने युवाओं से नशा एवं तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग जागरूक होगा तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देगा।

संस्था के संस्थापक विवेक कुमार ने कहा कि तंबाकू आज विश्वभर में अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बन चुका है। कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी समस्याओं जैसी घातक बीमारियों से बचने के लिए तंबाकू से दूरी बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर बढ़ता प्रदूषण और घटती हरियाली मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

लड्डू मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लगातार हो रही वनों की कटाई के कारण पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा और प्राकृतिक आपदाओं की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और युवाओं ने तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। साइकिल यात्रा के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

इस अवसर पर राहुल सिंह, लड्डू मिश्रा, गोलू कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, सागर कुमार, विवेक कुमार, शिवम कुमार, सुनील यादव, पीयूष कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।
और नया पुराने