Patna: ऑटो चालकों की हड़ताल समाप्त, ट्रैफिक पुलिस से हुई वार्ता, सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने दिया समर्थन

पटना/बिहार। राजधानी पटना में सोमवार को ऑटो चालकों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन ट्रैफिक पुलिस और ऑटो यूनियनों के बीच हुई सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त हो गया। ट्रैफिक डीएसपी-4 के साथ यूनियन प्रतिनिधियों की विस्तृत बातचीत के पश्चात दोपहर 2 बजे से मल्टी लेवल पार्किंग ऑटो स्टैंड, मल्टी मॉडल हब सहित शहर के सभी प्रमुख रूटों पर ऑटो परिचालन सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया।

सोमवार सुबह से ही राजधानी के प्रमुख क्षेत्रों में ऑटो सेवा पूरी तरह ठप रही। बोरिंग रोड, राजा पुल, पाटलिपुत्र स्टेशन, गांधी मैदान, आशियाना, बेली रोड, दानापुर सहित कई प्रमुख ऑटो स्टैंडों से एक भी ऑटो नहीं खुला, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और आम यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ा।

आक्रोश मार्च निकालकर डाकबंगला चौराहा पहुंचे चालक

अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सुबह करीब 11 बजे ऑटो चालकों ने विशाल आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए डाकबंगला चौराहा पहुंचा, जहां यह एक जनसभा में तब्दील हो गया। सभा के दौरान चालकों ने ट्रैफिक व्यवस्था, स्टैंड संचालन, रूट निर्धारण और अन्य समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की तथा प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रेलवे स्टेशन गोलंबर से दूर बनाए गए ऑटो स्टैंड के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती है। साथ ही, अवैध रूप से सड़क किनारे ई-रिक्शा संचालन और ट्रैफिक व्यवस्था में असमानता के कारण ऑटो चालकों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने दिया आंदोलन को समर्थन

ऑटो चालकों के आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिला। सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) की ओर से प्रदेश अध्यक्ष  एवं प्रदेश उपाध्यक्ष  धरना-प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत ऑटो चालकों का समर्थन किया। दोनों नेताओं ने कहा कि शहर के हजारों ऑटो चालक अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए इस पेशे पर निर्भर हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से चालकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

ट्रैफिक पुलिस ने लिया महत्वपूर्ण निर्णय

आंदोलन के दौरान स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक एसपी-4 प्रशांत किशोर कुमार ने यूनियन प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। बातचीत के दौरान ऑटो चालकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

निर्णय के अनुसार अब डाकबंगला चौराहा से दक्षिण दिशा में रेलवे स्टेशन की ओर कोई भी व्यावसायिक वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा अथवा नगर बस सेवा सीधे नहीं जाएगी। नगर बस सेवा की बसें एग्जीबिशन रोड से वीणा सिनेमा रोड होते हुए वापस गांधी मैदान एवं करगिल चौक की ओर लौटेंगी।

वहीं ऑटो एवं ई-रिक्शा डाकबंगला चौराहा से कोतवाली टी-पॉइंट होते हुए बुद्ध स्मृति मल्टी लेवल पार्किंग, जीपीओ गोलंबर तथा रेलवे स्टेशन पार्किंग तक संचालित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बंदर बगीचा मार्ग से ऑटो एवं ई-रिक्शा की आवाजाही पूरी तरह बंद करने तथा ‘नो एंट्री’ नियम को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया गया है।

समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

बैठक के दौरान ट्रैफिक प्रशासन ने ऑटो चालकों को भरोसा दिलाया कि उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन द्वारा सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद यूनियनों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी।

इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से राजधानी के सभी रूटों पर ऑटो का परिचालन पुनः सामान्य हो गया और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

वार्ता में शामिल रहे कई यूनियन प्रतिनिधि

ट्रैफिक पुलिस के साथ हुई वार्ता में प्रगतिशील ऑटो चालक यूनियन के महासचिव नवीन मिश्रा, अध्यक्ष नथुनी साव, संयोजक जनक राय, कोषाध्यक्ष नवीन तिवारी, सीताराम प्रसाद, मुन्ना साह, मुकेश कुमार, गांधी मैदान ऑटो चालक यूनियन के महासचिव विजय कुमार, अध्यक्ष बदरुद्दीन खान, मनोज कुमार, बिहार राज्य ऑटो चालक संघ (एआईसीसीटीयू) के महासचिव मुर्तजा अली, पटना जिला ऑटो रिक्शा चालक संघ (सीटू) के अध्यक्ष पप्पू यादव तथा सिंधु कुमार सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनक राय के नेतृत्व में निकला जुलूस

आंदोलन और जुलूस का संचालन मल्टी लेवल पार्किंग ऑटो स्टैंड बुद्ध स्मृति पार्क के संयोजक जनक राय के नेतृत्व में किया गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि भविष्य में चालकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे पुनः आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे। हालांकि फिलहाल प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद सभी संगठनों ने आंदोलन स्थगित कर सामान्य परिचालन बहाल कर दिया है।
और नया पुराने