जमुई/बिहार। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक गतिशील, संवेदनशील एवं जन-केंद्रित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिले के सभी कार्यालय प्रधानों एवं प्रधान सहायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी कार्यों में तेजी लाने, आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में कार्यालय प्रधानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों की कार्यशैली से ही प्रशासन की छवि बनती है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अब सभी कार्यालय प्रधानों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा कार्यालयी प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में आगामी 19 मई से आयोजित होने वाले ‘सहयोग शिविर’ की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को शिविर के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने सेवानिवृत्त होने वाले सरकारी कर्मियों के सम्मान एवं उनके सेवांत लाभों के समय पर भुगतान को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिया कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों की सभी प्रक्रियाएं पहले से पूरी कर ली जाएं, ताकि उन्हें अपने ही कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सम्मानपूर्वक विदाई और समय पर सेवांत लाभ मिलना कर्मियों का अधिकार है।
बैठक में माननीय न्यायालय से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन, ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग तथा विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती स्वाति कुमारी सहित जिले के सभी कार्यालय प्रधान मौजूद थे।
Tags:
Bihar


