सोनो बाजार के बीच NH-333 पर जानलेवा गड्ढा बना मुसीबत, हर दिन हजारों चालकों की जान जोखिम में

जमुई/बिहार। जमुई जिले के सोनो प्रखंड मुख्यालय स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-333) पर सड़क के बीचों-बीच बना विशाल गड्ढा इन दिनों गंभीर हादसों को न्योता दे रहा है। झाझा-बटिया को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर लंबे समय से मौजूद गड्ढे के कारण प्रतिदिन हजारों वाहन चालक और राहगीर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। बावजूद इसके संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

हजारों वाहनों का प्रतिदिन होता है आवागमन
एनएच-333 जिले की प्रमुख सड़क है, जिससे प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। इस मार्ग से एंबुलेंस, स्कूली बच्चों के वाहन, टोटो, बसें, ट्रक, हैवा, मालवाहक वाहन, चारपहिया और दोपहिया वाहन लगातार गुजरते हैं। सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण वाहन चालकों को अचानक संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि यह गड्ढा वर्षों से बना हुआ है। कई बार इसकी शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंचाई गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे की मरम्मत नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। ऐसे में दुर्घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह भी बड़ा सवाल है।

सावन में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की आवाजाही
आगामी सावन माह में बड़ी संख्या में कांवरिया श्रद्धालु इसी मार्ग से चकाई होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना होंगे। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती बन सकती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सावन शुरू होने से पहले इस गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

विभाग और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि न तो पथ निर्माण एवं परिवहन विभाग के अधिकारी इस गंभीर समस्या को लेकर संवेदनशील दिखाई दे रहे हैं और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधि इस दिशा में कोई पहल कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए एनएच-333 पर बने इस जानलेवा गड्ढे की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
और नया पुराने